Spread the love
देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹29.78 करोड़ की 3 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें ₹23.15 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण एवं ₹6.63 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्थलों का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न शहरों के मेयर का स्वागत करते हुए कहा कि सभी मेयर अपने शहर के प्रथम नागरिक और शहरवासियों की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के भी प्रतिनिधि हैं। आपके निर्णय का प्रभाव आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की आत्मा गाँवों में बसती है, तो हमारे नागरिकों के सपने, उनकी आकांक्षाएँ और उनके भविष्य की संभावनाएँ शहरों में आकार लेती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण पलों को उत्तराखण्ड में बिताया है। वह उत्तराखण्ड के प्रत्येक क्षेत्र से भली भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक कुल 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा की है,जो एक नया रिकॉर्ड है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं की यात्रा सरल, सुगम, सुरक्षित हो। पहले आदि कैलाश में 500 लोग आते थे, इस वर्ष यात्रा शुरू होने से अब तक प्रतिदिन करीब एक हजार लोग आदि कैलाश पहुंच रहे हैं। मां पूर्णागिरि मंदिर में भी 24 लाख लोगों ने दर्शन कर लिए हैं। बीते चार सालों में 23 करोड़ से ज्यादा पर्यटक उत्तराखण्ड आ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में शहरी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। आज स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देश के लाखों शहरों में साफ-सफाई की नई संस्कृति विकसित हुई है। स्मार्ट सिटी मिशन द्वारा आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास का मॉडल विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों का घर का सपना साकार हुआ है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी वालों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखण्ड के शहरों के विकास को नई गति दी जा रही है। उत्तराखण्ड में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रत्येक नगर में ठोस कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, खुले में शौच मुक्त अभियान और लीगेसी वेस्ट प्रबंधन जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उत्तराखण्ड के प्रत्येक नागरिक को दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के गरीब परिवारों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में पहली बार नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं। राज्य में निराश्रित गौवंशों को आश्रय प्रदान करने के उद्देश्य से आश्रय योजना प्रारम्भ की है। स्थानीय निकायों में श्वानों की बढ़ती संख्या की रोकथाम हेतु एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना की शुरुआत की है। हरित क्षेत्रों के विकास और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल व श्री राम सिंह कैड़ा, विधायक श्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर श्री शंभू पासवान, श्रीमती रेनू बाला गुप्ता, श्री आशुतोष एवं देश भर के विभिन्न शहरों से मेयर उपस्थित रहे।

By admin

You missed

चमोली -यात्रा मार्गों पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, चमोली पुलिस ने एक माह में 1632 नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कसा शिकंजा,  चारधाम एवं श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा-2026 अपने चरम पर है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु जनपद चमोली के विभिन्न यात्रा मार्गों से होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों पर व्यापक स्तर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा सीजन के दौरान कई वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी कर स्वयं एवं अन्य यात्रियों के जीवन को खतरे में डालने का प्रयास करते हैं। ऐसे वाहन चालकों पर चमोली पुलिस लगातार कड़ी नजर बनाए हुए है। पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते एक माह के दौरान चमोली पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1632 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान— 216 वाहनों पर अवैध रूप से लगी फ्लैशर लाइटों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 175 वाहन चालक निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। 14 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई। 17 वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्म हटाकर संबंधित चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 06 वाहनों में अवैध हूटर का प्रयोग पाए जाने पर चालान किए गए। 03 वाहनों पर नियमों के विपरीत अवैध नेम प्लेट लगी पाई गई, जिनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक चमोली ने कहा कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का पालन कराने हेतु जनपद पुलिस का विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर और अधिक सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। चमोली पुलिस सभी वाहन चालकों एवं यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करती है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा सुरक्षित यात्रा में सहयोगी बनें। आपकी सतर्कता और जिम्मेदारी ही आपकी तथा अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।