Spread the love
 ऋषिकेश-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा एवं रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, ठहरने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं से यात्रा का फीडबैक भी लिया।
उन्होंने ट्रांजिट कैंप में श्रद्धालुओं के लिए की गई पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए इंतजार ना करना पड़े। बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी संवाद किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ स्वागत करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में मौजूद श्रद्धालुओं से भी संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालुओं ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास एवं अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताया।
कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें आशीर्वाद दिया तथा यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दी।

By admin

You missed

चमोली -यात्रा मार्गों पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, चमोली पुलिस ने एक माह में 1632 नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कसा शिकंजा,  चारधाम एवं श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा-2026 अपने चरम पर है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु जनपद चमोली के विभिन्न यात्रा मार्गों से होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों पर व्यापक स्तर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा सीजन के दौरान कई वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी कर स्वयं एवं अन्य यात्रियों के जीवन को खतरे में डालने का प्रयास करते हैं। ऐसे वाहन चालकों पर चमोली पुलिस लगातार कड़ी नजर बनाए हुए है। पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते एक माह के दौरान चमोली पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1632 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान— 216 वाहनों पर अवैध रूप से लगी फ्लैशर लाइटों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 175 वाहन चालक निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। 14 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई। 17 वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्म हटाकर संबंधित चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 06 वाहनों में अवैध हूटर का प्रयोग पाए जाने पर चालान किए गए। 03 वाहनों पर नियमों के विपरीत अवैध नेम प्लेट लगी पाई गई, जिनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक चमोली ने कहा कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का पालन कराने हेतु जनपद पुलिस का विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर और अधिक सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। चमोली पुलिस सभी वाहन चालकों एवं यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करती है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा सुरक्षित यात्रा में सहयोगी बनें। आपकी सतर्कता और जिम्मेदारी ही आपकी तथा अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।