वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष, आबकारी विभाग में 11 नए पदों का सृजन; चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, शहरी विकास और जनकल्याण से जुड़े 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए। कैबिनेट के फैसलों में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने और हरिद्वार में पॉड टैक्सी परियोजना को लेकर लिए गए निर्णय खास रहे। सरकार ने एक ओर विभिन्न विभागों में नए पद सृजित कर प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने का प्रयास किया है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों और किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी अहम कदम उठाए हैं।
आशा कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों को राहत
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह वृद्धि को मंजूरी दी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया। इसके साथ ही असंगठित क्षेत्र और भवन निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने के लिए उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई। इससे श्रमिकों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित करने का रास्ता भी साफ होगा।
युवाओं के लिए भर्ती के अवसर बढ़ेंगे
वन आरक्षी पदों पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था 31 दिसंबर 2028 तक लागू करने के लिए नियमावली में संशोधन किया जाएगा। कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए डीफार्मा के साथ बीफार्मा को भी शैक्षिक योग्यता में शामिल किया गया है। आबकारी विभाग में पांच उप आबकारी आयुक्त और छह सहायक आबकारी आयुक्त समेत कुल 11 नए पद सृजित किए जाएंगे।
किसानों और चीनी मिलों के लिए 207.75 करोड़ की गारंटी
पेराई सत्र 2026-27 में बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसका उद्देश्य गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है। सरकार ने चीनी मिलों के संचालन और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।
हरिद्वार में 21 स्टेशनों के साथ दौड़ेगी पॉड टैक्सी
धर्मनगरी हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने के लिए ‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। प्रस्तावित परियोजना में तीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनकी कुल लंबाई 21.08 किलोमीटर और स्टेशनों की संख्या 21 होगी। सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर, सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर और गणेशपुरम से जेपीवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर का मार्ग प्रस्तावित है। परियोजना के लिए करीब 6.96 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता बताई गई है।
भवन निर्माण और भू-उपयोग नियमों में बदलाव
पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की परिस्थितियों को देखते हुए भवन निर्माण एवं विकास उपविधियों में शिथिलीकरण के लिए अलग-अलग सक्षम स्तर निर्धारित करने का निर्णय लिया गया। वहीं महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरें शासनादेश छह अक्टूबर 2021 के अनुसार निर्धारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सरकार का मानना है कि इससे वैधानिक निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा और अनियोजित प्लॉटिंग पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त उत्तराखंड सेतु आयोग की सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली-2026, लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा संशोधन नियमावली और महाधिवक्ता कार्यालय की सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई। राजकीय मेडिकल कॉलेजों के पीजी छात्रों के लिए दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों में दो वर्ष की अनिवार्य सेवा के बॉण्ड को भी अनुमन्य किया गया।
कैबिनेट ने बापूग्राम आरक्षित वन, ऋषिकेश की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक स्वीकृति दी। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड को निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने के कारण कार्यदायी संस्थाओं के सूचीबद्ध पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया।
इन फैसलों से साफ है कि सरकार का फोकस प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव के साथ भर्ती, श्रमिक कल्याण, किसानों के भुगतान और आधारभूत ढांचे के विकास पर है। हालांकि इन निर्णयों का वास्तविक लाभ नियमावलियों के क्रियान्वयन और धरातल पर समयबद्ध कार्रवाई से ही सुनिश्चित होगा।




