Spread the love
मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री (स्कूल शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा) श्री मदन दिलावर ने शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान उनके मध्य शिक्षा, पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तीकरण, भारतीय संस्कृति एवं संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, ग्रामीण विकास तथा स्थानीय स्वशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के विषयों पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयी शिक्षा के सुदृढ़ीकरण, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने तथा पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान महत्वपूर्ण है।
कैबिनेट मंत्री श्री मदन दिलावर ने उत्तराखण्ड सरकार द्वारा शिक्षा, संस्कृति संरक्षण तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने दोनों राज्यों के मध्य शिक्षा, संस्कृति एवं स्थानीय स्वशासन से जुड़े विषयों पर सहयोग और समन्वय को और मजबूत बनाने पर बल दिया।

By admin

You missed

चमोली -यात्रा मार्गों पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, चमोली पुलिस ने एक माह में 1632 नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कसा शिकंजा,  चारधाम एवं श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा-2026 अपने चरम पर है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु जनपद चमोली के विभिन्न यात्रा मार्गों से होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों पर व्यापक स्तर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा सीजन के दौरान कई वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी कर स्वयं एवं अन्य यात्रियों के जीवन को खतरे में डालने का प्रयास करते हैं। ऐसे वाहन चालकों पर चमोली पुलिस लगातार कड़ी नजर बनाए हुए है। पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते एक माह के दौरान चमोली पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1632 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान— 216 वाहनों पर अवैध रूप से लगी फ्लैशर लाइटों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 175 वाहन चालक निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। 14 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई। 17 वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्म हटाकर संबंधित चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 06 वाहनों में अवैध हूटर का प्रयोग पाए जाने पर चालान किए गए। 03 वाहनों पर नियमों के विपरीत अवैध नेम प्लेट लगी पाई गई, जिनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक चमोली ने कहा कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का पालन कराने हेतु जनपद पुलिस का विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर और अधिक सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। चमोली पुलिस सभी वाहन चालकों एवं यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करती है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा सुरक्षित यात्रा में सहयोगी बनें। आपकी सतर्कता और जिम्मेदारी ही आपकी तथा अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।