Spread the love

देहरादून। ऋतु गुजराल फाउंडेशन के तत्वावधान में विधि पाठशाला 6.0 के अंतर्गत आयोजित ट्रांसजेंडर अधिवेशन में डीडी कॉलेज, देहरादून के विधि संकाय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।

अधिवेशन के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में डीडी कॉलेज की बी.ए. एलएल.बी. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा चरणजीत कौर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।

इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से विधि संकाय की असिस्टेंट प्रोफेसर वैदेही नेगी, महेश्वर जोशी तथा कला संकाय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रीति पोखरियाल भी उपस्थित रहीं।

अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, सामाजिक सम्मान, समानता, संवैधानिक संरक्षण तथा समाज की मुख्यधारा में उनकी सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय से जुड़े विभिन्न सामाजिक, कानूनी एवं संवैधानिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

डीडी कॉलेज प्रबंधन ने छात्रा चरणजीत कौर की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक रूप से जागरूक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

महाविद्यालय प्रबंधन ने ऐसे आयोजनों को विधि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं व्यावहारिक कानूनी शिक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समान अवसर एवं मानवीय गरिमा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को निकट से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

डीडी कॉलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों, व्यावहारिक विधिक प्रशिक्षण एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

By admin