पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में विधि पाठशाला 6.0 के तहत हुआ अधिवेशन, वक्ताओं ने अधिकारों के साथ सम्मान और सामाजिक स्वीकार्यता को बताया जरूरी
देहरादून। समाज में हर व्यक्ति को सम्मान और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। ट्रांसजेंडर समुदाय को भी शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन में बराबरी का हक मिलना जरूरी है। इसके लिए सिर्फ कानून बनाना काफी नहीं होगा, बल्कि लोगों को अपनी सोच और व्यवहार में भी बदलाव लाना होगा। जब तक समाज इस समुदाय को खुले मन से स्वीकार नहीं करेगा, तब तक वास्तविक समानता का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। शनिवार को पुलिस लाइन ऑडिटोरियम, रेसकोर्स में आयोजित ट्रांसजेंडर अधिवेशन में वक्ताओं ने यह बात कही।
रितु गुजराल फाउंडेशन की ओर से विधि पाठशाला 6.0 के तहत आयोजित इस अधिवेशन में ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, सामाजिक स्थिति और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का आयोजन संकल्प फाउंडेशन के सहयोग तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत के साथ किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य वक्ता एडवोकेट आरएस राघव ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को भी समाज में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। उन्हें उनकी पहचान के आधार पर अलग नजर से देखना या उनके साथ भेदभाव करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने और अपनी प्रतिभा के आधार पर पहचान बनाने का अधिकार है। समाज को इस सोच के साथ आगे बढ़ना होगा कि समानता केवल कागजों और कानूनों तक सीमित न रहे, बल्कि व्यवहार में भी दिखाई दे।
कानूनी जानकारी से मजबूत होंगे अधिकार
अधिवेशन में ट्रांसजेंडर समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और कानूनी संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से समुदाय के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और सुविधाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अधिकारों की जानकारी होने से लोग अपने साथ होने वाले भेदभाव के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं। इसके साथ ही समाज के अन्य वर्गों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक जीवन देने के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसरों का विस्तार जरूरी है। सामाजिक भेदभाव और पुरानी रूढ़ियों को समाप्त किए बिना समावेशी समाज की कल्पना अधूरी है। परिवारों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों को भी इस दिशा में सकारात्मक भूमिका निभानी होगी।
भाषण प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा की स्मृति प्रथम
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की स्मृति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, सामाजिक समानता और सम्मान से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
भाषण प्रतियोगिता में स्मृति ने मारी बाजी
अधिवेशन के दौरान विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की स्मृति सूरी ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट राकेश गुप्ता और बार एसोसिएशन के वर्तमान सहसचिव एडवोकेट कपिल अरोड़ा शामिल रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, सामाजिक समानता और सम्मान जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश टंडन ने की। इस अवसर पर पूर्व बाल आयोग अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, पूर्व पीसीएस अधिकारी रमेंद्री मेंदवाल, एनएसएस स्टेट ऑफिसर डॉ. सुनेना रावत और माय भारत के स्टेट डायरेक्टर राहुल डबराल मौजूद रहे।
अधिवेशन में उत्तरांचल लॉ कॉलेज, आईएमएस यूनिसन विश्वविद्यालय, डी.डी. कॉलेज, ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय, माया देवी विश्वविद्यालय और डीबीएस ग्लोबल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सामाजिक समानता, संवेदनशीलता और मानवीय गरिमा के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया।
