Spread the love

सात दिवसीय मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और औद्योगिक प्रदर्शनी को मिलेगा मंच | वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा और लेखक कृति नवानी सम्मानित

गौचर (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऐतिहासिक गौचर मेला मैदान में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। दीप प्रज्वलित कर सात दिवसीय मेले की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और सामुदायिक एकता का जीवंत प्रतीक है। यह मेला संस्कृति, बाजार और उद्योग के समन्वय का अनूठा उदाहरण है।

जनपद आगमन पर गौचर हवाई पट्टी में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान चमोली पुलिस के जवानों ने सेरिमोनियल ड्रेस में मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ऐतिहासिक गौचर मेला मैदान पहुंचे और मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने पंडित गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया।

दो विभूतियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति पत्रकार सम्मान’ और वरिष्ठ लेखक कृति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा व साहित्य प्रसार सम्मान’ से सम्मानित किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गौचर मेला हमारी समृद्ध विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है। मेले के माध्यम से क्षेत्र के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, व्यापार और उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलता है।

उन्होंने कहा कि सात दिवसीय मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, हस्तशिल्प एवं औद्योगिक प्रदर्शनी, खेल प्रतियोगिताओं और स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन के माध्यम से क्षेत्रीय प्रतिभाओं और उद्यमियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

1943 में व्यापारिक मेले के रूप में हुई थी शुरुआत

गौचर मेले का इतिहास वर्ष 1943 से जुड़ा है। तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर गढ़वाल के सुझाव पर इसकी शुरुआत व्यापारिक मेले के रूप में हुई थी। समय के साथ यह आयोजन औद्योगिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियों के समन्वय का बड़ा मंच बन गया और आज देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।

इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, उपाध्यक्ष जलागम परिषद रमेश गड़िया, उपाध्यक्ष जड़ी-बूटी सलाहकार समिति बलबीर घुनियाल, सलाहकार बीकेटीसी चारधाम यात्रा माधव प्रसाद सेमवाल, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

By admin