गैरसैंण पुलिस ने आदिबद्री टैक्सी स्टैंड पर की कार्रवाई, सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने का आरोप
गैरसैंण। शराब के नशे में होमस्टे में हंगामा करने और अगले दिन सार्वजनिक स्थान पर आपस में मारपीट करने के मामले में गैरसैंण पुलिस ने चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की रात करीब 11:20 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कोसी (आदिबद्री) स्थित एक होमस्टे में कुछ व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने होमस्टे के कर्मचारी के साथ अभद्रता की और आपस में भी लड़ने-झगड़ने लगे। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही चारों वहां से जा चुके थे।
इसके बाद 11 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे चारों व्यक्ति आदिबद्री टैक्सी स्टैंड पर फिर आमने-सामने आ गए। बीती रात की घटना को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। सार्वजनिक स्थान पर हंगामे के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने चारों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने पर अपर उपनिरीक्षक अनिल आगरी और हेड कांस्टेबल आनंद ने तत्परता दिखाते हुए चारों को धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है।
