Spread the love

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग के चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

उन्होंने खटीमा की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस क्षेत्र से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट संबंध जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें प्रदेश की सेवा करने की निरंतर ऊर्जा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय के भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से आमजन को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल का संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान भी सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती और एडीएम पंकज उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

By admin