Spread the love
जनपद की वन पंचायतों में गैर काष्ठीय वन उपज (एनटीएफपी) के विकास तथा हर्बल एवं अरोमा टूरिज्म परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कैमो कार्यालय में क्लस्टर लेवल मॉनिटरिंग समिति (सीएलएमसी) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि परियोजना के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों को क्लस्टर आधारित मॉडल पर विकसित किया जाए, ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके तथा स्थानीय स्तर पर अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि वन पंचायतों का चयन इस प्रकार किया जाए और उनमें गतिविधियों का क्रियान्वयन ऐसी योजना के साथ किया जाए जिससे ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्थायी आजीविका के अवसर सृजित हों।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की वन संपदा, औषधीय एवं सगंध पौधों की प्रचुरता को स्थानीय आर्थिक विकास से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को जनहितकारी एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से वन पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को पहचान और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी श्री दीपक सिंह ने परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि “गैर काष्ठीय वन उपज का विकास तथा हर्बल एवं अरोमा टूरिज्म परियोजना” सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य वन पंचायतों में गैर काष्ठीय वन उपज, औषधीय एवं सगंध वनस्पतियों को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों को आजीविका से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना राज्य में 10 वर्षों के लिए संचालित की जा रही है, जिसे वर्ष 2023-24 से प्रारंभ किया गया है तथा यह वर्ष 2033-34 तक प्रभावी रहेगी।
उन्होंने बताया कि योजना केवल वन पंचायतों के लिए लागू है। चयनित वन पंचायतों में विभिन्न विभागों द्वारा तकनीकी एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, जबकि परियोजना के अंतर्गत होने वाले कार्यों का क्रियान्वयन स्थानीय समुदाय एवं वन पंचायतों के माध्यम से किया जाएगा। इससे ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ेगी तथा उन्हें प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी श्री दीपक सिंह, श्री प्रदीप धौलाखंडी, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामजी शरण शर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

You missed

चमोली -यात्रा मार्गों पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, चमोली पुलिस ने एक माह में 1632 नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कसा शिकंजा,  चारधाम एवं श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा-2026 अपने चरम पर है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु जनपद चमोली के विभिन्न यात्रा मार्गों से होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों पर व्यापक स्तर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा सीजन के दौरान कई वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी कर स्वयं एवं अन्य यात्रियों के जीवन को खतरे में डालने का प्रयास करते हैं। ऐसे वाहन चालकों पर चमोली पुलिस लगातार कड़ी नजर बनाए हुए है। पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते एक माह के दौरान चमोली पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1632 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान— 216 वाहनों पर अवैध रूप से लगी फ्लैशर लाइटों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 175 वाहन चालक निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। 14 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई। 17 वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्म हटाकर संबंधित चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 06 वाहनों में अवैध हूटर का प्रयोग पाए जाने पर चालान किए गए। 03 वाहनों पर नियमों के विपरीत अवैध नेम प्लेट लगी पाई गई, जिनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक चमोली ने कहा कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का पालन कराने हेतु जनपद पुलिस का विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर और अधिक सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। चमोली पुलिस सभी वाहन चालकों एवं यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करती है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा सुरक्षित यात्रा में सहयोगी बनें। आपकी सतर्कता और जिम्मेदारी ही आपकी तथा अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।