Spread the love

डीजीपी दीपम सेठ ने पुलिसकर्मियों को दिलाई राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ, उत्कृष्ट सेवा के लिए 48 पुलिसकर्मी सम्मानित

देहरादून। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन देहरादून में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एकता दिवस परेड का आयोजन कर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी दीपम सेठ ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश की एकता के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डीजीपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 48 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किए जाने हेतु नामित किया गया था।

कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

By admin