Spread the love

डीजीपी दीपम सेठ समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने डालनवाला कोतवाली से कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, पुलिसकर्मियों और आमजन को दिलाई एकता-अखंडता की शपथ

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित एकता परेड-2026 का देहरादून जनपद के सभी थानों और पुलिस लाइन में सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और राष्ट्रीय एकता के संदेश को आत्मसात किया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जनपद के सभी थानों में एलईडी स्क्रीन और प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, अपर पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) सहित राज्य और जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कोतवाली डालनवाला से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

कार्यक्रम के माध्यम से देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। साथ ही उनके आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

एकता परेड के सजीव प्रसारण के बाद जनपद के सभी थानों में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सीएलजी सदस्यों, वरिष्ठ नागरिकों, छात्र-छात्राओं और क्षेत्र के लोगों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की।

By admin