Spread the love

स्कूली छात्र-छात्राओं से लेकर महिला मंगल दल तक चलाया जागरूकता अभियान, साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए, नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया सचेत

चमोली। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से चमोली पुलिस ने जनपदभर में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में पुलिस टीमें स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं तथा महिलाओं को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बता रही हैं। साथ ही, नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील भी की जा रही है।

अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल ने अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, सिमली में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों और नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। वहीं, चौकी प्रभारी गौचर मानवेन्द्र गुसाईं ने संस्कार स्कूल, गौचर में विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए साइबर अपराधों से बचने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

इसी क्रम में थाना प्रभारी गोपेश्वर नवनीत भंडारी ने सगर और ग्वाड़ क्षेत्र में महिला मंगल दल की महिलाओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान महिलाओं को विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।

बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें, संदिग्ध गतिविधि की पुलिस को दें सूचना

जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत विवरण साझा न करें। किसी संदिग्ध फोन कॉल, संदेश या ऑनलाइन गतिविधि के झांसे में आने से बचें और साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस टीमों ने साइबर अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया। चमोली पुलिस का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क बनाने के साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है, ताकि सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

By admin