Spread the love

भराड़ीसैंण में सुरक्षा, यातायात और पुलिस बल की तैनाती की तैयारियों की समीक्षा, संवेदनशील स्थानों पर बढ़ेगी निगरानी

चमोली। आगामी विधानसभा सत्र और त्योहारी सीजन के मद्देनजर चमोली पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने 15 अक्टूबर को जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और पुलिस बल की तैनाती समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहेगी। इसके लिए पुलिस बल के ठहरने, संचार व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम समय से पूरे किए जाएं। संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील ड्यूटी पॉइंट्स चिह्नित करने के साथ ही वॉच टावर, बैरियर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी समय से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्थानीय अभिसूचना इकाई को सामाजिक संगठनों की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों, प्रस्तावित जुलूसों और प्रदर्शनों के संबंध में सटीक सूचनाएं जुटाकर समय से रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विधानसभा सत्र में बाहरी जनपदों से आने वाले अतिरिक्त पुलिस बल के ठहरने के लिए चिह्नित विद्यालयों और अन्य स्थानों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, स्नानागार तथा भोजनालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा। इन व्यवस्थाओं का पहले से निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।

त्योहारों पर बाजारों और धार्मिक स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी

आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने धार्मिक स्थलों, मंदिरों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात करने तथा संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

त्योहारी सीजन में बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ ही अधिकारियों को स्वयं फील्ड में सक्रिय रहकर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी करने को कहा गया। इसके अलावा, छुट्टियों में घर बंद कर गांव जाने वाले लोगों के घरों में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने स्पष्ट किया कि विधानसभा सत्र, धार्मिक आयोजनों और राष्ट्रीय एकता दिवस के दौरान आमजन की सुरक्षा, यातायात का सुचारु संचालन तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि सभी आयोजन सकुशल संपन्न हो सकें।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक जितेंद्र जोशी, निरीक्षक अभिसूचना इकाई सूरत चौहान और यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल मौजूद रहे।

By admin