Spread the love

रायपुर के विष्णुलोक कालोनी में वारदात, दो साल से घर में करता था प्लंबिंग का काम; रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कालोनी में मंगलवार को एक प्लंबर ने कथित तौर पर बुजुर्ग दंपती और उनके घर पर काम करने वाली महिला की पेचकस से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद मौके से भागने का प्रयास कर रहे आरोपित को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त पेचकस भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार 6 अक्टूबर को अपराह्न करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम से थाना रायपुर को तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कालोनी में एक घर में चोरी की सूचना मिली। बताया गया कि एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ रखा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर स्थानीय लोगों ने जिस व्यक्ति को पकड़ा था, उसने घर में रहने वाले बुजुर्ग दंपती और एक महिला पर पेचकस से हमला करने की बात बताई। पुलिस घर के अंदर पहुंची तो बुजुर्ग दंपती और महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो साल से कर रहा था प्लंबिंग का काम

पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भी बुजुर्ग दंपती ने उसे प्लंबिंग का काम करने के लिए घर बुलाया था।

पुलिस के मुताबिक, काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपित की बुजुर्ग दंपती से कहासुनी हो गई। आरोपित ने कथित तौर पर अपने पास रखे पेचकस से दोनों पर हमला कर दिया। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला बुजुर्ग दंपती की आवाज सुनकर वहां पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने उस महिला पर भी पेचकस से हमला कर दिया।

मौके से मिला वारदात में इस्तेमाल पेचकस

घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद किया। वहीं मृतका के स्वजन की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिए गए आरोपित राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक सोने की चेन बरामद होने की भी जानकारी दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आरोपित बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाता दिखाई दिया है। पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच के साथ आरोपित से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

मृतकों की पहचान

रजनी कपूर (75) पत्नी रमेश चंद्र कपूर, निवासी लेन नंबर दो, विष्णुलोक कालोनी, तपोवन रोड, थाना रायपुर, देहरादून।

रमेश कपूर (80) पुत्र स्वर्गीय द्वारिका दास कपूर, निवासी उपरोक्त।

तिलया देवी उर्फ शीला (48) पत्नी स्वर्गीय पवन राम, निवासी बिहारी बस्ती, विद्या विहार, थाना रायपुर, देहरादून। तिलया देवी बुजुर्ग दंपती के घर में काम करती थीं।

गिरफ्तार आरोपित

राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास, थाना कोतवाली नगर, देहरादून। मूल निवासी बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश।

बरामदगी: घटना में प्रयुक्त पेचकस।

By admin