Spread the love

भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में बोले रक्षा मंत्री, संगठन को बताया पार्टी की असली ताकत; 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का जताया भरोसा

हिमालय की तरह अडिग है धामी सरकार, गंगा की धारा की तरह आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

देहरादून। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसकी सरकार नहीं, बल्कि उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सत्ता में रहते हुए भी संगठन की सक्रियता और जीवंतता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हमारा और आपका कमल कमाल कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

रविवार को हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का संगठन देवदार के विशाल वृक्ष की तरह मजबूत और गहरी जड़ों वाला है। प्रदेश में लगातार दो बार भाजपा की सरकार बनना कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। पार्टी की विचारधारा सत्ता में रहने या विपक्ष में रहने से प्रभावित नहीं होती।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है। आज देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें होना संगठन की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है। भाजपा की वैचारिक नींव का उल्लेख करते हुए उन्होंने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं होने के संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद को पार्टी की मूल प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना भाजपा का संकल्प है।

कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ सूत्र

राजनाथ सिंह ने अपने राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के आधार पर कार्यकर्ताओं को नौ सूत्रों पर विशेष रूप से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और मंत्री बनने के बाद भी जनप्रतिनिधियों का संगठन से जुड़ाव और मजबूत होना चाहिए। मंडल, जिला और बूथ स्तर पर नियमित संवाद और बैठकें होनी चाहिए, ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को संगठन से जुड़ा महसूस करे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनता के विश्वास का ध्वजवाहक बनने और आपदा, दुर्घटना अथवा संकट के समय सबसे पहले सहायता के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति बनने की बात कही। डिजिटल युग में सोशल मीडिया को केवल प्रचार का माध्यम न मानकर जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रभावी जरिया बनाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक संवाद में मर्यादा और शालीनता बनाए रखनी चाहिए। विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाए। युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें नेतृत्व और जिम्मेदारी के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को योजनाओं की सूची के बजाय लाभार्थियों के जीवन में आए बदलावों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से नैतिकता, अनुशासन और ईमानदारी बनाए रखने तथा संगठन की एकजुटता को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। कहा कि पद और व्यक्तिगत अपेक्षाओं से ऊपर उठकर काम करना ही एक मजबूत संगठन की पहचान है।

धामी सरकार के कार्यों की सराहना

रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों और महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमालय की तरह अडिग धामी सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड मां गंगा की धारा की तरह निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार ने विकास के साथ सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

उन्होंने उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य बनने, समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा नियंत्रण कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और उद्योगों का विस्तार हो रहा है। स्टार्टअप की बढ़ती संख्या यह दर्शाती है कि युवा अब केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।

उन्होंने अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई, सड़क और रेल कनेक्टिविटी के विस्तार तथा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। महिला सशक्तीकरण और सैनिकों के सम्मान के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देहरादून के गुन्नियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्य धाम सैनिकों के प्रति सम्मान और गौरव का प्रतीक है।

मोदी सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएं

राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार के फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों और राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों की जानकारी तथ्यों के साथ जनता तक पहुंचानी चाहिए।

धामी बोले, विकास कार्यों के दम पर फिर बनाएंगे सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार विकास की नई इबारत लिख रही है। महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया पर कार्रवाई के लिए कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं और नकल माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक आरोपितों को जेल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। लखवाड़, सौंग, जमरानी और किसाऊ जैसी बहुउद्देशीय बांध परियोजनाओं को भी प्रदेश की जल सुरक्षा, पेयजल और ऊर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा-2026 में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं और खिलाड़ियों का दैनिक भोजन भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 480 रुपये किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने विपक्ष पर विकास कार्यों को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से तथ्यों के आधार पर जवाब देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। उत्तराखंड की जनता ने भी भाजपा पर लगातार भरोसा जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी।

By admin