Spread the love

गैंग लीडर जैकी उर्फ राजन समेत तीन के खिलाफ मुकदमा, अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर होगी जब्ती की कार्रवाई

देहरादून। हत्या, रंगदारी, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त आरोपितों के खिलाफ दून पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। राजपुर थाना पुलिस ने गैंग लीडर जैकी उर्फ राजन समेत तीन आदतन अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हत्या, रंगदारी, ड्रग्स तस्करी, जमीन संबंधी धोखाधड़ी और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अपराध के माध्यम से अर्जित की गई अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर उनके जब्तीकरण की कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं।

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय रहा गिरोह

पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को राजपुर थाने में गैंग लीडर राजन उर्फ जैकी समेत तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 238/2026, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

पुलिस का कहना है कि जैकी उर्फ राजन अपने साथियों के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मादक पदार्थों की तस्करी, हत्या और अन्य जघन्य अपराधों में लिप्त रहा है। आरोपितों के खिलाफ हत्या, बलवा, ड्रग्स तस्करी, लूट, जानलेवा हमला और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित

गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आरोपितों की संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार आपराधिक गतिविधियों से अर्जित की गई संपत्ति को भी चिह्नित किया जा रहा है। जांच में अवैध रूप से अर्जित संपत्ति सामने आने पर नियमानुसार उसके जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

तीनों आरोपितों का विवरण

राजन उर्फ जैकी (36) पुत्र शिवलाल, निवासी ग्राम उमाही कला, थाना रामपुर मनिहारान, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को पुलिस ने गैंग लीडर बताया है।

अमित भटेजा (38) पुत्र स्वर्गीय विजय कुमार भटेजा, निवासी लेन नंबर 29, सर्किट हाउस रोड, शारदा नगर, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश गैंग सदस्य है।

हुमेरा खान उर्फ जोया (22) पत्नी अमजद खान, निवासी किदवई नगर, 40 फुटा रोड, खालापार, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश को भी गैंग का सदस्य बताया गया है।

आरोपितों के खिलाफ दर्ज मुकदमे

पुलिस के अनुसार आरोपितों के खिलाफ देहरादून के राजपुर थाना समेत सहारनपुर के विभिन्न थानों में हत्या, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, लूट, जानलेवा हमला, मारपीट और आयुध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

इनमें राजपुर थाने में वर्ष 2025 का हत्या संबंधी मुकदमा, कुतुबशेर थाने में वर्ष 2020 का एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा, रामपुर मनिहारान थाने में वर्ष 2022 का गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा तथा गंगोह, रामपुर मनिहारान और नकुड़ थानों में लूट, जानलेवा हमला, मारपीट और अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। इसके अलावा रामपुर मनिहारान थाने में आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है।

By admin