Spread the love

ज्योति भंडारी

नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को देते थे अंजाम, ई-रिक्शा में बैठकर चोरी का सामान बेचने जा रहे थे

देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने सरकारी ट्यूबवेलों से बिजली की केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई केबल, केबल से निकाला गया तांबा, केबल कटर और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपित नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

उत्तराखंड जल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज कुमार शर्मा ने 28 सितंबर को नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी थी। इसमें गणेश विहार कब्रिस्तान, अजबपुर और विष्णु विहार हरिद्वार बाईपास स्थित सरकारी ट्यूबवेलों से अज्ञात चोरों द्वारा केबल चोरी किए जाने की शिकायत की गई थी। केबल चोरी होने के कारण संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई थी।

तहरीर के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 402/2026, धारा 303(2), 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पुलिस ने पूर्व में इस तरह की घटनाओं में सामने आए आरोपितों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी जुटाकर उनका भौतिक सत्यापन किया। इसी दौरान 29 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सरकारी ट्यूबवेलों से केबल चोरी करने वाले तीन आरोपित चोरी का सामान बेचने की फिराक में अजबपुर फ्लाईओवर के पास ई-रिक्शा में बैठे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और ई-रिक्शा में बैठे तीनों आरोपितों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई बिजली की केबल, केबल से निकाला गया तांबा और केबल कटर बरामद हुए।

केबल से तांबा निकालकर कबाड़ियों को बेचते थे

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने गणेश विहार, विष्णु विहार, मोथरोवाला, पटेलनगर और रायपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से बिजली की केबल चोरी की।

आरोपित चोरी की गई केबल से तांबा निकाल लेते थे। इसके बाद तांबे को अलग-अलग क्षेत्रों में कबाड़ियों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचकर मिलने वाली रकम से नशे की जरूरत पूरी करते थे।

गिरफ्तार आरोपित

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में अंकित सिंह (26), निवासी नगर निगम कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, देहरादून; विक्रम साहनी (22), निवासी नगर निगम कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, देहरादून; और अजय साहनी (22), मूल निवासी दरभंगा, बिहार और वर्तमान निवासी नगर निगम कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, देहरादून शामिल हैं।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में चोरी की गई करीब 4.300 किलोग्राम कटी हुई केबल, केबल से निकाला गया तांबा, दो केबल कटर, वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा संख्या यूके-07-टीई-9387 और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी बाईपास उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, कांस्टेबल हितेश कुमार, कांस्टेबल रिंकू कुमार और कांस्टेबल नीरज सिंह सामंत शामिल रहे।

By admin