गोपेश्वर-भव्य पुलिस परेड एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पुलिस मैदान गोपेश्वर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 76वां गणतन्त्र दिवस
परेड के दौरान जवानों के जोश और अनुशासन ने किया उपस्थितजनों को उत्साहित, तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा पुलिस मैदान
आज दिनांक 26 जनवरी 2025 को 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस मैदान गोपेश्वर में भव्य परेड का आयोजन किया गया। परेड की शुरुआत ऐतिहासिक क्षण के साथ हुई जब पुलिस अधीक्षक चमोली, श्री सर्वेश पंवार महोदय द्वारा मुख्य परेड की सलामी ली गयी। जिसके पश्चात मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी चमोली श्री संदीप तिवारी महोदय ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी परेड में जवानों के जोश और उत्साह का अद्भुत मेल देखने को मिला, जो परेड की भव्यता और गणतंत्र दिवस की गरिमा को और बढ़ाता है।
परेड की कमान पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग श्री अमित सैनी ने संभाली जिनके नेतृत्व में उ0नि0स0पु0 योगेन्द्र सक्सेना और उ0नि0ना0पु0 मनोज कुमार ने क्रमश: द्वितीय और तृतीय कमान का दायित्व निभाया। सम्पूर्ण परेड के दौरान सभी जवानों ने अनुशासन और सटीकता के साथ प्रर्दशन किया।
इस वर्ष की परेड में जिला पुलिस, संचार और फायर सर्विस की महिला कर्मी, होमगार्ड्स महिला/पुरूष, वन विभाग और एनसीसी कैडेट्स महिला/पुरूष शामिल थे। इन सभी टुकड़ियों ने अपनी मेहनत और अद्वितीयता के साथ गणतंत्र दिवस के महत्व को सार्थक किया। परेड में विशेष आकर्षण का केंद्र रहें क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैण के नन्हें बच्चों ने अपने बैड की मधुर धुन से सम्पूर्ण परेड के दौरान जवानों के जोश और उत्साह को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। नन्हें बच्चों की मासूमियत, तालमेल और ऊर्जा ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
तत्पश्चात पुलिस एवं अन्य विभागों द्वारा अपनी-अपनी झाँकियों का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक व स्थानीय संस्कृति से जुडी प्रस्तुतियाँ शामिल थी, जो दर्शकों में देश के प्रति गर्व और प्रेरणा का संचार करने में सफल रही। ताइक्वांडो के बच्चों ने अपने अद्भुत कौशल मेहनत और समर्पण के माध्यम से न केवल ताइक्वांडो की तकनीकों को दर्शाया बल्कि यह भी दिखाया कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास और अनुशासन का भी पाठ पढ़ाता है।
गणतंत्र परेड में होमगार्ड महिला प्लाटून को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रथम पुरस्कार, सशस्त्र पुलिस प्लाटून को द्वितीय पुरुस्कार तथा जिला पुलिस, संचार एवं फायर महिला प्लाटून को तृतीय पुरुस्कार दिया गया। परेड के दौरान प्रस्तुत झांकियों में प्रथम स्थान खेल विभाग चमोली, द्वितीय स्थान ग्राम्य विकास विभाग एवं तृतीय स्थान उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने प्राप्त किया गया। विभिन्न स्कूलों द्वारा प्रस्तुत रगारंग कार्यक्रमों में प्रथम स्थान सुबोध प्रेम विद्या मन्दिर, द्वितीय पुरूस्कार पीस पब्लिक स्कूल एवं तृतीय स्थान राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैग्वाड द्वारा प्राप्त किया गया। जिन्हें जिलाधिकारी महोदय एवं पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुरस्कृत किया गया।
समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथियों में मुख्य विकास अधिकारी श्री नन्दन कुमार, अपर जिलाधिकारी श्री विवेक प्रकाश, उप वन संरक्षक केदारनाथ श्री तरुण एस, प्रभागीय वनाधिकारी बद्रीनाथ वन प्रभाग श्री सर्वेश कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनता द्वारा गणतंत्र दिवस परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया गया।