Spread the love

फारुख के कब्जे से 6.10 ग्राम और शाहरुख से 3.96 ग्राम स्मैक बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सहसपुर क्षेत्र में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 10.06 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सहसपुर पुलिस की ओर से नशे की तस्करी और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अक्टूबर को पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई सभावाला क्षेत्र में शेखोंवाला के पास की गई, जहां से फारुख (57) पुत्र रिजवान निवासी बड़ा रामपुर, थाना सहसपुर को 6.10 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई धर्मावाला क्षेत्र में तिमली के पास हुई। यहां पुलिस ने मोहम्मद शाहरुख (27) पुत्र मोहम्मद मुमताज निवासी ग्राम रेडापुर छरबा, थाना सहसपुर को 3.96 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली सहसपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई करने वाली टीम में सभावाला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सैनी, धर्मावाला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज कुमार, अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रसाद कोठारी, हेड कांस्टेबल केहर गिरी तथा कांस्टेबल अजीत सिंह, कुलदीप सिंह और रविन्द्र राणा शामिल रहे।

By admin