Spread the love

एसपी ग्रामीण जया बलोनी ने शॉल, स्मृति चिह्न और उपहार देकर किया सम्मानित, पुलिस परिवार का अभिन्न अंग बताया

देहरादून। दून पुलिस ने शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त हुए चार पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी। एसपी ग्रामीण (प्रथम) जया बलोनी की उपस्थिति में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।

इस अवसर पर एसपी ग्रामीण जया बलोनी ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका पुलिस परिवार से रिश्ता हमेशा बना रहेगा। वे पुलिस परिवार का अभिन्न अंग हैं और भविष्य में भी किसी तरह की आवश्यकता पड़ने पर पुलिस परिवार उनकी हरसंभव सहायता के लिए तत्पर रहेगा।

समारोह में एसपी ग्रामीण ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को शॉल, स्मृति चिह्न और उपहार भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सेवानिवृत्त होने के बाद भी उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ विभाग को मिलता रहेगा।

इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान सामने आई चुनौतियों, समस्याओं और उनके समाधान के लिए किए गए प्रयासों के बारे में बताया। एसपी ग्रामीण ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इन अनुभवों से सीख लेने तथा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में उनका अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।

ये पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त

अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त होने वालों में अपर उपनिरीक्षक अजीत सिंह बुटोला, मुख्य आरक्षी श्याम सिंह, मुख्य आरक्षी प्रकाश लाल और आरक्षी कैलाश चन्द्र शामिल हैं।

विदाई समारोह में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन मौजूद रहे।

By admin