Spread the love

एसएसपी की सख्ती के बाद दून पुलिस की कार्रवाई, शामली से दबोचे गए 10-10 हजार के इनामी

देहरादून। बैंक में बंधक जमीन का सौदा कर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पिछले करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे दो इनामी आरोपितों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को उत्तर प्रदेश के शामली से दबोचा। दोनों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की ओर से 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2025 को नेसविला रोड, देहरादून निवासी लक्ष्मी अग्रवाल ने थाना रायपुर में तहरीर दी थी। आरोप था कि अमन विहार, सहस्रधारा रोड रायपुर निवासी उर्मिला शर्मा ने राजपुर क्षेत्र स्थित अपनी जमीन का सौदा 45 लाख रुपये में तय किया था। सौदे के तहत पीड़िता से 40 लाख रुपये लेने के बाद उर्मिला शर्मा अचानक गायब हो गई।

बाद में जमीन के संबंध में जानकारी करने पर पता चला कि संबंधित संपत्ति पहले से ही बैंक में बंधक थी और उस पर 18 लाख रुपये का ऋण लिया गया था। इसके बावजूद बैंक में बंधक संपत्ति को बेचने का सौदा कर 40 लाख रुपये हड़प लिए गए। शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 136/25, धारा 420, 120बी और 34 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पति और बेटे की भूमिका भी आई सामने

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस को त्वरित साक्ष्य संकलन और आरोपितों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपित उर्मिला शर्मा के पति सुभाष चंद्र शर्मा और पुत्र दीपक शर्मा की भी मामले में संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन तीनों आरोपित गिरफ्तारी से बचते हुए फरार रहे। लगातार फरार रहने पर एसएसपी देहरादून ने तीनों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

ऑपरेशन प्रहार में मिली सफलता

वर्तमान में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को वांछित और इनामी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। रायपुर पुलिस ने भी मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपितों की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम को जांच के दौरान दोनों आरोपितों के शामली, उत्तर प्रदेश में छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल दबिश देकर सुभाष चंद्र शर्मा और दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि मुकदमे में नामजद मुख्य आरोपित उर्मिला शर्मा की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है। पुलिस ने उसकी मृत्यु से संबंधित दस्तावेज भी आरोपितों से प्राप्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपित

1. सुभाष चंद्र शर्मा पुत्र रोशनलाल शर्मा, निवासी ग्राम नल्हेड़ा, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
हाल पता: अमन विहार, गली नंबर चार, सहस्रधारा रोड, थाना रायपुर, देहरादून।

2. दीपक शर्मा पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा, निवासी ग्राम नल्हेड़ा, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
हाल पता: उपरोक्त।

पुलिस टीम

  • अपर उपनिरीक्षक ए.के. बलूनी
  • कांस्टेबल मुकेश कंडारी
  • कांस्टेबल सोनी कुमार, एसओजी
  • कांस्टेबल मनोज, एसओजी

By admin