Spread the love

देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता 20 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान देश-विदेश के खिलाड़ी शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग में अपना दमखम दिखाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे देश-विदेश के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है।

आइस स्पोर्ट्स के लिए नई पहचान बनाएगा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन से उत्तराखंड की पहचान शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी। उन्होंने आयोजन से जुड़े आयोजकों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश की खेल क्षमताओं को दुनिया के सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे प्रदेश में खेल पर्यटन और खेल प्रशिक्षण की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

खेलों को लेकर बदला देश का माहौल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सोच और वातावरण में व्यापक बदलाव आया है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देशभर में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। आज भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पिछले वर्ष प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल और भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से प्रदेश में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है। इसी का परिणाम है कि अब उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी सक्षम हो रहा है।

आठ शहरों में बनेंगी 23 खेल अकादमियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इन अकादमियों में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर भी तेजी से काम चल रहा है। वहीं लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है। इन संस्थानों के माध्यम से प्रदेश की युवा खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति के साथ आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण की सुविधा भी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

विंटर और आइस स्पोर्ट्स पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां इन खेलों के लिए अनुकूल हैं और सरकार इन संभावनाओं को व्यापक स्तर पर विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित हो। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी से इस दिशा में प्रदेश को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By admin