Spread the love
बद्रीनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालु की ईमानदारी से लौटाई गई खोई हुई धनराशि
मुख्य सतर्कता अधिकारी ने हेलीपेड संचालन का किया निरीक्षण, बद्रीनाथ पुलिस की तत्परता से श्रद्धालु को वापस मिला पर्स
चारधाम यात्रा के दृष्टिगत भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के मुख्य सतर्कता अधिकारी डॉ. निखिल के. कनोडिया, आईपीएस ने श्री बद्रीनाथ, गोविन्दघाट एवं घांघरिया स्थित हैलीपेडों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेलीपेडों के परिचालन क्षेत्र, आधारभूत संरचना, सुरक्षा प्रबंध एवं संचालन व्यवस्था का गहन अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण उपरांत उन्होंने श्री बद्री विशाल के पावन दर्शन कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसी क्रम में सुश्री अलका अग्रवाल, निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश), भगवान बद्री विशाल के दर्शन हेतु बद्रीनाथ धाम आई थीं। मंदिर परिसर में उनका पर्स कहीं गुम हो गया, जिसमें लगभग ₹5,000 नकद रखे हुए थे।
पर्स मिलने पर श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मचारी कृष्णा पंडवाल, हेड कांस्टेबल दिवाकर सती एवं कांस्टेबल हरीश ने तत्परता एवं ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स को सुरक्षित रखा और सत्यापन के उपरांत उसकी वास्तविक स्वामिनी को सकुशल सुपुर्द किया।
अपना खोया हुआ पर्स एवं धनराशि वापस मिलने पर अलका अग्रवाल ने बद्रीनाथ पुलिस एवं मंदिर समिति के कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनकी ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं सेवा भावना की सराहना की।

By admin

You missed