चम्पावत पुलिस के ऐच्छिक ब्यूरो में पारिवारिक विवाद की सुनवाई एवं काउंसलिंग
श्रीमती रेखा यादव,पुलिस अधीक्षक महोदया चम्पावत की अध्यक्षता में आज दिनांक 18.06.2026 को ऐच्छिक ब्यूरो में प्राप्त एक पारिवारिक विवाद से संबंधित प्रकरण की सुनवाई एवं काउंसलिंग की गई।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को पृथक-पृथक तथा संयुक्त रूप से सुनकर उनकी समस्याओं एवं मतभेदों को समझने का प्रयास किया गया। ब्यूरो के सदस्यों द्वारा दोनों पक्षों को आपसी संवाद, धैर्य, संयम एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों के महत्व के संबंध में समझाते हुए विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही पारिवारिक कलह का बच्चों एवं परिवार के अन्य सदस्यों पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
ऐच्छिक ब्यूरो द्वारा दोनों पक्षों के मध्य आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से विवाद के निस्तारण हेतु पर्याप्त प्रयास किए गए, किन्तु सभी प्रयासों के बावजूद दोनों पक्ष किसी सर्वसम्मत समाधान पर नहीं पहुँच सके।
प्रकरण में आपसी सहमति न बनने के दृष्टिगत ऐच्छिक ब्यूरो द्वारा आवश्यक विधिक एवं वैधानिक कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
