Spread the love
 गोपेश्वर-मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा फायर स्टेशन गोपेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण: आगामी चारधाम यात्रा व फायर सीजन हेतु तत्परता के निर्देश
आज दिनांक 08/04/2026 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट द्वारा फायर स्टेशन गोपेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया।
👉 निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम परेड का निरीक्षण किया गया, जिसमें कर्मियों की उपस्थिति, अनुशासन, वर्दीधारण एवं शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया गया। तत्पश्चात वॉचरूम ड्यूटी का निरीक्षण करते हुए ड्यूटीरत कर्मियों से पी.एफ.टी. की कार्यप्रणाली एवं आपातकालीन सूचनाओं के त्वरित संप्रेषण के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
👉 इसके उपरांत समस्त अग्निशमन वाहनों को क्रमशः स्टार्ट कर उनकी कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। सभी वाहन पूर्णतः क्रियाशील एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु तैयार पाए गए। साथ ही अग्निशमन उपकरणों की भी बारीकी से जांच की गई, जिसमें उनकी स्थिति एवं उपयोगिता संतोषजनक पाई गई।
👉 आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण उपकरणों जैसे वुडन कटर, कंक्रीट कटर, आयरन कटर, चैन सॉ एवं मेटैलिक शीट कटर को संचालित कर उनकी कार्यक्षमता की टेस्टिंग कराई गई। सभी उपकरण सुचारू रूप से कार्य करते पाए गए। वनाग्नि की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए वाटर मिक्स्ड ब्लोअर की भी विशेष रूप से टेस्टिंग कराई गई, जो प्रभावी एवं उपयोग के लिए तैयार पाया गया।
👉 निरीक्षण के दौरान स्टोर, मैस, बैरक, स्नानागार एवं शौचालय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, जहां समस्त व्यवस्थाएं उच्च स्तर की एवं सुव्यवस्थित पाई गईं। फायर स्टेशन कार्यालय, एमटी कार्यालय तथा स्टोर से संबंधित अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया, जो अद्यतन एवं सुव्यवस्थित पाए गए।
👉 मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा इस अवसर पर समस्त कर्मियों का सम्मेलन आयोजित कर उनकी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई। किसी भी कर्मी द्वारा कोई समस्या प्रस्तुत नहीं की गई, जिससे कार्यस्थल पर संतोषजनक वातावरण परिलक्षित हुआ।
👉 आगामी चारधाम यात्रा एवं फायर सीजन के दृष्टिगत सभी कार्मिकों को सतर्क, अनुशासित एवं पूर्ण तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया एवं समन्वय बनाए रखते हुए जन-धन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

By admin