चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने ज्योतिर्मठ फायर स्टेशन का किया गहन अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, उपकरणों व संसाधनों की परखी तत्परता
आज दिनांक 06.04.2026 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट द्वारा फायर स्टेशन ज्योतिर्मठ का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन परिसर का विस्तृत भ्रमण करते हुए उपलब्ध समस्त अग्निशमन संसाधनों की बारीकी से जांच की गई। इस क्रम में सभी अग्निशमन वाहनों, पंपों, मोटरों एवं अन्य आपदा उपकरणों को मौके पर ही स्टार्ट कराकर उनकी कार्यशीलता परखी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं निर्बाध प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ एवं संभावित जोखिमों को देखते हुए प्रत्येक उपकरण, वाहन एवं संसाधन को शत-प्रतिशत क्रियाशील एवं तत्पर अवस्था में रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान फायर कर्मियों से विभिन्न अग्निशमन एवं आपदा उपकरणों का संचालन भी कराया गया, जिससे उनकी कार्यकुशलता, प्रतिक्रिया समय एवं समन्वय क्षमता का आकलन किया जा सके। साथ ही उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने, टीम वर्क बनाए रखने एवं उच्च सतर्कता के साथ कार्य करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि नियमित मॉक ड्रिल, उपकरणों का रख-रखाव, एवं संसाधनों की समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि चारधाम यात्रा जैसे संवेदनशील अवसर पर किसी भी अप्रत्याशित घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
