Spread the love
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज सभी जिलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में एलपीजी गैस उपलब्धता की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एलपीजी घरेलू एवं व्यवसायिक सिलेंडरों की आवश्यक मांग के अनुरूप आपूर्ति समय पर किए जाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव ने जनपदवार गैस आपूर्ति की अद्यतन जानकारी लेते हुए प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं सहित अस्पतालों, शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों को भी निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को एलपीजी स्टेट कॉर्डिनेटर के लगातार संपर्क में रहकर आपूर्ति बढ़ाए जाने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने ग्रामीण क्षेत्रों से नए अपग्रेड शहरी क्षेत्रों को तेल कंपनियों के सिस्टम में भी अपग्रेड करने हेतु कार्यवाही के लिए निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों से पीएनजी आधारित गैस कनेक्शन बढ़ाए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने इसके लिए व्यावसायिक संस्थानों को पीएनजी कनेक्शन के लिए प्रेरित किए जाने की बात कही। उन्होंने गैस के विकल्प के रूप में पिरुल ब्रिकेट को भी बढ़ावा दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे एलपीजी की कम खपत के साथ ही चीड़ के जंगलों से पिरुल का निस्तारण हो सकेगा।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री एल. फैन्नई, सचिव श्री विनोद कुमार सुमन, श्री आनन्द स्वरूप एवं डीजी यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

By admin

You missed