डी.डी. कॉलेज जामुनवाला में तीन दिवसीय वार्षिक खेल समारोह का शुभारंभ
जामुनवाला। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए डी.डी. कॉलेज, जामुनवाला में तीन दिवसीय वार्षिक खेल समारोह का भव्य शुभारंभ किया गया। खेल समारोह का उद्घाटन कॉलेज के चेयरमैन आदरणीय जितेंद्र यादव ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला, चेयरमैन जितेंद्र यादव और खेल समन्वयक डॉ. नवीन कांडवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन अवसर पर चेयरमैन जितेंद्र यादव ने खेलों की विधिवत घोषणा करते हुए कहा कि खेल मनुष्य के जीवन में अनुशासन, परिश्रम, साहस, नेतृत्व और सहयोग की भावना का विकास करते हैं। खेल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देते हैं और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट का शानदार प्रदर्शन किया। कदम से कदम मिलाते हुए विद्यार्थियों का अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह देखने लायक था। इस अवसर पर चेयरमैन जितेंद्र यादव ने परेड की सलामी भी ली।
प्रधानाचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला ने अपने प्रारंभिक संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल-भावना को सर्वोपरि रखते हुए प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया तथा सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल समारोह के अंतर्गत विभिन्न एथलेटिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 100 मीटर व 200 मीटर दौड़ (बालक व बालिका), 400 मीटर रिले रेस, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद और शॉटपुट जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके साथ ही इंडोर खेलों के अंतर्गत शतरंज (बालक/बालिका), कैरम (बालक/बालिका) तथा बैडमिंटन (बालक/बालिका) प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मकता का परिचय दिया।
तीन दिवसीय इस खेल समारोह में विद्यार्थियों के जोश और उत्साह ने पूरे परिसर को खेलमय बना दिया। प्रतियोगिताओं के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों के अनुसार खेल प्रतियोगिताओं का समापन आगामी दिनों में पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा।
