Spread the love

दुग्ध संघ का 295.52 करोड़ रुपये का बजट पारित, फरवरी से दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि

77वें वार्षिक अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की घोषणा, 6.50 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि वितरित

मतलूब अहमद। हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करने की घोषणा की गई। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित कर सम्मानित किया गया।

शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। इस अवसर पर कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी एवं मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग उत्तराखंड के निबंधक एवं निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ के सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी, उप सामान्य प्रबंधक पीएंडआई पीएस नागपाल, प्रबंधक पीएस नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

अधिवेशन में दुग्ध संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों और लगभग 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही। इस दौरान उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार तथा दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार तथा स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार और कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी पुरस्कृत किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष एवं नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के दस समिति सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। संस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। संघ से जुड़े 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित सर्वोपरि है। पशुपालकों का विश्वास बनाए रखना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकता है।

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं की मजबूती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र ही आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस दौरान प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट सहित दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By admin