नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अवसर पर आयोजित उत्तराखण्ड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला एवं विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों और उत्पादकों से उनके उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। ये उत्पाद प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान के साथ ही स्वरोजगार और आजीविका के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच हैं। इनके माध्यम से कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और पारंपरिक कौशल को संरक्षण देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप राज्य सरकार भी उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के जरिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ेगी और युवाओं तथा महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उत्तराखण्ड के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे कारीगरों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन उत्तराखण्ड के उत्पादों को नई पहचान देने के साथ प्रदेश को आर्थिक एवं व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, विधायक श्री भरत सिंह चौधरी, सचिव श्री विनय शंकर पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
