नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी के आवास पहुंचकर उन्हें उत्तराखण्ड के लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सांसद के परिवारजनों को भी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से प्राप्त परंपराओं को संरक्षित रखने का संदेश देता है। उत्तराखण्ड के जनजीवन में इगास का विशेष स्थान है और यह प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की लोकपरंपराएं सांस्कृतिक धरोहर होने के साथ ही सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम का भी प्रतीक हैं। इगास जैसे लोकपर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, मिट्टी और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोकसंस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे पर्वों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है और देश-दुनिया में प्रदेश की लोकपरंपराओं का प्रचार-प्रसार हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
