Spread the love

पिथौरागढ़ से ऊधमसिंह नगर तक युवाओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण का अवसर, शासन ने समयबद्ध औपचारिकताएं पूरी करने के दिए निर्देश

देहरादून। प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। शासन ने प्रदेश के 12 असंचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आगामी शैक्षिक सत्र से दोबारा संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अपने आसपास ही व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

इस संबंध में सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन सी. रविशंकर ने निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। शासन ने आईटीआई के संचालन और बंद किए जाने से संबंधित पूर्व में प्राप्त प्रस्तावों एवं तथ्यों का परीक्षण करने के बाद 12 संस्थानों को आगामी शैक्षिक सत्र से शुरू कराने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा है।

इन जिलों में दोबारा शुरू होंगे आईटीआई

शासन के निर्णय के तहत पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विकासखंड के थल और मूनाकोट विकासखंड के बढ़ावे में आईटीआई संचालित होंगे। पौड़ी गढ़वाल जिले के द्वारीखाल और पौड़ी (परसुंडाखाल), चमोली जिले के देवाल और घाट, चम्पावत जिले के बाराकोट तथा हरिद्वार जिले के लालढांग स्थित संस्थान भी शुरू किए जाएंगे।

इसके अलावा देहरादून जिले के लाखामंडल, बागेश्वर जिले के गरुड़, टिहरी गढ़वाल जिले के रणाकोट और ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को भी आगामी शैक्षिक सत्र से संचालित किया जाएगा।

स्थानीय स्तर पर मिलेगा प्रशिक्षण का अवसर

सचिव सी. रविशंकर ने कहा कि इन संस्थानों के दोबारा संचालन से संबंधित क्षेत्रों के युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण की सुविधा मिलने से युवाओं के कौशल विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। सरकार का उद्देश्य युवाओं को उनकी रुचि और जरूरत के अनुरूप हुनरमंद बनाकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

By admin