Spread the love

मंडल से चोपता के घने जंगलों की ओर अकेले जा रही थी बच्ची, जवान ने समय रहते रोका; पुलिस ने सकुशल परिजनों को सौंपा

गोपेश्वर (चमोली)। परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली 10 वर्षीय बालिका चोपता के घने जंगलों की ओर बढ़ रही थी। गनीमत रही कि रास्ते में ड्यूटी पर तैनात PRD जवान की नजर बच्ची पर पड़ गई और उन्होंने समय रहते उसे रोक लिया। पुलिस की तत्परता से बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना मंगलवार, 10 नवंबर 2026 की है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली गोपेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत जड़ी-बूटी शोध संस्थान, मंडल के समीप PRD जवान दिनेश लाल ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने एक 10 वर्षीय बालिका को अकेले मंडल से चोपता की ओर जाते देखा। बच्ची को अकेले देखकर जवान ने उसे रोका और प्यार से पूछताछ की।

इस दौरान बालिका ने बताया कि वह परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आई है और चोपता जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए PRD जवान ने तत्काल चौकी प्रभारी मंडल अपर उपनिरीक्षक विपिन त्यागी को सूचना दी।

पुलिस ने बालिका को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी मंडल पहुंचाया और परिजनों को सूचना देकर बुलाया। कुछ ही देर में परिजन चौकी पहुंचे, जिसके बाद बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

गौरतलब है कि मंडल से चोपता जाने वाले मार्ग पर घना जंगल है और जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में बच्ची का अकेले इस रास्ते पर जाना जोखिम भरा हो सकता था।

चमोली पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की भावनाओं को समझें, उन्हें प्यार से समझाएं और उनकी समस्याएं सुनें। बच्चों को डांट के बजाय अपनापन और भरोसा दें, ताकि वे अपनी हर बात परिवार के साथ साझा कर सकें।

By admin