Spread the love

 

देहरादून, 20 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से हिंदू नेशनल कॉलेज, देहरादून में आयोजित रावण दहन एवं दशहरा मेले में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने रावण दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए पर्व के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। यह सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना का संदेश देता है। रावण दहन हमें अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और नकारात्मक प्रवृत्तियों को त्यागकर सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए। उनके आदर्श परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा मेले जैसे आयोजन भारतीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही नई पीढ़ी को परंपराओं और पौराणिक प्रसंगों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता बढ़ती है और सामाजिक मेल-मिलाप को भी बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वों के संदेश तभी सार्थक होंगे, जब लोग भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपने आचरण में उतारेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

By admin