Share Post

देहरादून। क्लेमेंटाउन क्षेत्र में पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश परमार के आवास पर आयोजित कुमाऊंनी बैठक होली कार्यक्रम ने क्षेत्र में सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बना दिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए होली को प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक वेशभूषा के साथ मनाया।

कार्यक्रम में धर्मपुर विधायक की धर्मपत्नी शशि चमोली, कार्यक्रम संयोजिका विजेता बोरा परमार, पार्षद कुसुम वर्मा, प्रीति सेठी, मुकेश रजोड़, अंजलि जखमोला और सुनीता शर्मा सहित अनेक गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर कुमाऊंनी बैठकी होली की पारंपरिक शैली में श्रृंगार, भक्ति और हास्य रस से सराबोर होली गीत प्रस्तुत किए।

ढोलक और मंजीरे की थाप पर गूंजते पारंपरिक राग-रागिनियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। महिलाओं ने घर पर तैयार किए गए प्राकृतिक और ऑर्गेनिक रंगों तथा फूलों से एक-दूसरे को रंग लगाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया।

By admin