सेलाकुई पुलिस की कार्रवाई, बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत साढ़े छह लाख रुपये; पूछताछ में सामने आए अन्य तस्करों के नाम
ज्योति भंडारी
देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेलाकुई पुलिस ने एक युवक को 22.81 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपित डिलीवरी बॉय का काम करता था और सामान पहुंचाने की आड़ में नशे के आदी लोगों तक स्मैक की सप्लाई कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में लिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सेलाकुई पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर को क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से 22.81 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित कमल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना सेलाकुई में मुकदमा अपराध संख्या 147/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
डिलीवरी की आड़ में नशे की सप्लाई
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। पुलिस के अनुसार, वह एक स्थानीय नशा तस्कर से स्मैक खरीदकर लाता था और सामान की डिलीवरी करने की आड़ में उसे नशे के आदी लोगों तक ऊंचे दामों पर पहुंचाता था।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपित से कुछ अन्य नशा तस्करों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इन लोगों के खिलाफ भी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित
कमल चौधरी उर्फ बॉबी (30) पुत्र कटार सिंह, निवासी कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार। वर्तमान में शमी चौधरी के यहां किराये पर, राजावाला, सेलाकुई, देहरादून।
बरामदगी
22.81 ग्राम अवैध स्मैक
पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक सुमेर सिंह
- कांस्टेबल वीर सिंह
- कांस्टेबल मधुसूदन
