Spread the love

 

भारतीय किसान संघ उत्तराखंड की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार, महिला किसान सम्मेलन और किसानों की समस्याओं पर बनी रणनीति

देहरादून। भारतीय किसान संघ उत्तराखंड प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को उत्तरांचल उत्थान परिषद स्थित भारतीय किसान संघ कार्यालय, अलकनंदा एन्क्लेव, देहरादून में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, आगामी कार्यक्रमों तथा किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त क्षेत्र संगठन मंत्री शिवकांत दीक्षित ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पांच-पांच गांवों में सदस्यता अभियान चलाकर सक्रिय ग्राम समितियों का गठन सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता निर्धारित प्रवास योजना के अनुसार जिलों और विकासखंडों में बैठकें आयोजित करेंगे। इसके तहत 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक सदस्यता अभियान पूरा किया जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक विकासखंड समितियों का गठन तथा 15 मार्च से 15 मई 2027 तक जिला समितियों का गठन किया जाएगा। वहीं सितंबर 2027 में प्रदेश कार्यसमिति का गठन किया जाएगा।

बैठक में 30 सितंबर 2026 को दिल्ली में आयोजित होने वाले महिला किसान संघ सम्मेलन को सफल बनाने के लिए भी विस्तृत योजना बनाई गई। निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगी। इसके तहत ऊधमसिंह नगर से 50, हरिद्वार से 25 तथा देहरादून से 25 महिला किसान कार्यकर्ता अपनी-अपनी बसों के माध्यम से दिल्ली पहुंचेंगी।

बैठक में किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर भी गंभीर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने, उत्तर प्रदेश की तर्ज पर किसानों को नलकूपों के लिए निशुल्क बिजली उपलब्ध कराने तथा हरिद्वार जनपद के लक्सर-बालावाली मार्ग पर रेलवे लाइन और सड़क के दोनों ओर पहली ही बारिश में जलभराव से हजारों बीघा फसल बर्बाद होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। संगठन मंत्री सुकर्म पाल राणा ने कहा कि बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जाना चाहिए, ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।

किसानों की समस्याओं पर हरिद्वार से सतपाल राणा, सुधीर चौधरी और डॉ. आजाद, देहरादून से प्रदेश कोषाध्यक्ष नरेश नौटियाल, प्रदेश कार्यालय मंत्री मंगतू सिंह एवं ममता राणा, ऊधमसिंह नगर से सुधीर शाही, प्रदेश प्रचार प्रमुख नितिन शाही, प्रदेश महामंत्री चौधरी कुंवर पाल सिंह, उत्तरकाशी से गोपाल डोभाल तथा रुद्रप्रयाग से हीरा सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

बैठक के दौरान संगठनात्मक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई। मेरठ प्रांत के शामली जिले में जिला प्रचारक का दायित्व निभा रहे नृपेन्द्र जी को उत्तराखंड में हरिद्वार एवं देहरादून विभाग का विभाग संगठन मंत्री नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष कुशल पाल सिंह, प्रदेश महामंत्री चौधरी कुंवर पाल सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष नरेश नौटियाल, प्रदेश कार्यालय मंत्री मंगतू सिंह सहित सभी कार्यकर्ताओं ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।

बैठक में अखिल भारतीय कार्यसमिति सदस्य चंद्रकला चौहान, ऊधमसिंह नगर जिला अध्यक्ष कृष्ण कांधा तिवारी, प्रदेश मंत्री मास्टर चेतराम नायक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवनीत मिश्रा, जिला जैविक प्रमुख विमलेश यादव सहित प्रदेशभर से आए अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में संयुक्त क्षेत्र संगठन मंत्री शिवकांत दीक्षित ने बताया कि वह 10 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक उत्तराखंड के छह जनपदों के संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान जिला स्तर की बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया जाएगा तथा सदस्यता अभियान को सफल बनाने की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ का उद्देश्य गांव-गांव तक संगठन को मजबूत कर किसानों की आवाज को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाना है, जिसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

By admin