बेटे की शादी में दहेज को दिखाई ठेंगा, क्रांतिकारी शालू सैनी ने अपने घर से शुरू की सामाजिक बदलाव की मुहिम
बिना दहेज और बिना किसी मांग के बेटे हैप्पी सैनी का कराया विवाह, बोलीं- बेटियां बोझ नहीं, सम्मान हैं; समाज को भी बदलनी होगी अपनी सोच
मुजफ्फरनगर। समाज में बदलाव की बातें तो बहुत होती हैं, लेकिन बदलाव की असली मिसाल वही बनता है जो पहले अपने जीवन में आदर्श स्थापित करे। लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर मानवता की मिसाल पेश करने वाली क्रांतिकारी शालू सैनी ने अब अपने बेटे के विवाह के जरिए दहेज प्रथा पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने बेटे हैप्पी सैनी का विवाह बिना दहेज और बिना किसी मांग के संपन्न कराकर समाज को एक बड़ा संदेश दिया है।
25 नवंबर को मेरठ जिले के गांव सरसवां लावड़ में आयोजित इस विवाह समारोह में शालू सैनी ने साबित कर दिया कि बेटियों का सम्मान केवल भाषणों से नहीं, बल्कि व्यवहार में समानता और सम्मान देने से होता है। उन्होंने न तो दहेज लिया और न ही वधू पक्ष के सामने किसी तरह की मांग रखी।
शालू सैनी की यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज भी दहेज प्रथा अनेक परिवारों के लिए आर्थिक और सामाजिक परेशानी का कारण बनी हुई है। बेटी के जन्म से ही उसकी शादी और दहेज की चिंता में डूबने वाले समाज के सामने यह विवाह एक सकारात्मक उदाहरण है।
एकल मां के रूप में अपने बेटे को ऐसे संस्कार देना और स्वयं दहेज जैसी कुप्रथा के खिलाफ खड़े होना उनकी मजबूत सोच को दर्शाता है। शालू सैनी का संदेश स्पष्ट है कि विवाह कोई सौदेबाजी नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच प्रेम, विश्वास और सम्मान का रिश्ता है।
लावारिसों की वारिस बनकर बेसहारा लोगों को अंतिम विदाई देने और वृद्धाश्रम के माध्यम से निराश्रित माताओं की सेवा करने वाली शालू सैनी ने अब अपने बेटे के विवाह से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नई अलख जगाई है।
समाज को क्रांतिकारी शालू सैनी से सीख लेनी चाहिए। दहेज मुक्त विवाह की शुरुआत दूसरों से अपेक्षा करने के बजाय अपने घर से हो, तभी बेटियों को वास्तविक सम्मान और समानता मिल सकेगी।




