Spread the love

बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से निकालकर कला और संस्कृति से जोड़ना जरूरी : सर प्रांशु

युवा क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपोलो इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिकोत्सव में देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन पर दिया जोर

ज्योति भंडारी
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों को आगे आना होगा। बच्चों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी जरूरी है। यह बात युवा क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर प्रांशु ने सहस्त्रधारा रोड स्थित कंडोली के अपोलो इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह के दौरान कही।

सर प्रांशु ने कहा कि विद्यालय का वार्षिक समारोह केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने और अपनी संस्कृति से परिचित कराने का भी अवसर है। इस आयोजन को देवभूमि उत्तराखंड की कला एवं संस्कृति को केंद्र में रखकर आयोजित करने का विद्यालय प्रबंधन का प्रयास सराहनीय है। विद्यालय के चेयरमैन, प्रधानाचार्य और समस्त पदाधिकारियों की सोच रही है कि अपनी सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय स्तर से ही सार्थक पहल की जाए।

उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन पर अधिक समय बिता रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को संगीत, नृत्य, लोककला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करें। सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी परंपराओं को समझने का अवसर देते हैं।

सर प्रांशु ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न आयोजनों के लिए बाहरी कलाकारों और संस्थाओं को आमंत्रित किया जाता है, लेकिन हमें अपनी स्थानीय कला, कलाकारों और सांस्कृतिक विरासत को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। शिक्षा से जुड़े लोगों का दायित्व है कि वे नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी जड़ों से भी जोड़े रखें। संस्कृति का संरक्षण केवल बातों से नहीं, बल्कि उसे व्यवहार और आयोजनों का हिस्सा बनाने से संभव है।

कार्यक्रम में देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल ने भी सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला, रचनात्मकता और प्रतिभा का परिचय दिया। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण मंच हैं।

इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, स्थानीय पार्षद संजीत बंसल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर विद्यालय से विदाई लेने वाले विद्यार्थियों को भी शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

By admin