Share Post
चमोली -हर हर महादेव के जयकारों के साथ हर जन, जागरूक का संदेश: सोल घाटी महाशिवरात्रि मेले में चमोली पुलिस का जागरूकता अभियान।
सोल घाटी, थराली स्थित श्री लक्ष्मी नारायण शिव मंदिर परिसर में आयोजित महाशिवरात्रि मेला-2026 में भक्तों की भारी भीड़ के बीच चमोली पुलिस की साइबर सेल टीम एवं फायर सर्विस गोपेश्वर द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता स्टॉल लगाकर आमजन को साइबर एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
साइबर सेल टीम ने सरल और स्थानीय भाषा में समझाया कि आज के डिजिटल युग में सावधानी ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग एवं डिजिटल पेमेंट से जुड़ी धोखाधड़ी के तरीकों से अवगत कराते हुए बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक करना या ओटीपी साझा करना आपकी मेहनत की कमाई को जोखिम में डाल सकता है। आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
वहीं फायर सर्विस गोपेश्वर की टीम ने आग से बचाव के उपायों, गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, शॉर्ट सर्किट से सावधानी तथा भीड़भाड़ वाले आयोजनों में अग्नि सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। अग्निशमन यंत्र के उपयोग का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित लोगों ने व्यवहारिक जानकारी प्राप्त की।
चमोली पुलिस का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज को जागरूक, सतर्क और सुरक्षित बनाना है। भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे।

By admin

You missed