देहरादून, 23 सितंबर। जौलीग्रांट क्षेत्र में खेलते-खेलते रास्ता भटककर घर से दूर पहुंची चार वर्षीय मासूम बच्ची को डोईवाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर उसके परिजनों से मिला दिया। बच्ची के सकुशल घर पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को जौलीग्रांट चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में करीब चार वर्ष की एक बच्ची अकेली और लावारिस हालत में घूमती मिली। उम्र कम होने के कारण बच्ची अपने माता-पिता या घर के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही बच्ची के फोटो को स्थानीय स्तर पर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किया गया। पुलिसकर्मियों ने आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई।
पुलिस के प्रयासों से बच्ची के पिता के संबंध में जानकारी मिली। बच्ची के पिता मूल रूप से ग्राम बढ़नपुरवा, थाना पढ़वा, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और वर्तमान में छह नंबर चौक, आठूरवाला, जौलीग्रांट में रह रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और करीब एक घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने डोईवाला पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छोटे बच्चों के भटकने की स्थिति में समय पर सूचना मिलने और स्थानीय स्तर पर सहयोग से उन्हें सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: चौकी प्रभारी जौलीग्रांट उपनिरीक्षक चिंताणी मैठाणी, कांस्टेबल दुष्यंत, कांस्टेबल सचिन राणा, कांस्टेबल सुनीत कुमार और महिला कांस्टेबल सोनी चौहान।
