Spread the love

रोशनाबाद। भारतीय किसान संघ ने बुधवार को हरिद्वार जिला मुख्यालय रोशनाबाद में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 18 सूत्रीय मांगों का अधिकार पत्र अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजा। किसानों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

किसान संघ ने अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही चीनी मिलों को अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में चालू करने और उत्पादन लागत को देखते हुए गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग उठाई। इकबालपुर चीनी मिल पर वर्ष 2018-19 का किसानों का करीब 121 करोड़ रुपये बकाया भुगतान ब्याज सहित कराने की मांग भी प्रमुख रही।

किसान नेताओं ने आंचल डेयरी समेत दूध उत्पादकों के लिए दूध का मूल्य 100 रुपये प्रति लीटर निर्धारित करने की मांग की। जलभराव से फसलों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए बंद पड़े बरसाती नालों को तत्काल खुलवाने और गैंडी खाता क्षेत्र में गुलदार, हाथी, बंदर समेत जंगली जानवरों से किसानों व उनकी फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

इसके अलावा बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत, किसान सम्मान निधि को छह हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये वार्षिक करने, किसान क्रेडिट कार्ड पर शून्य प्रतिशत ब्याज की सुविधा देने और प्रत्येक किसान की फार्मर आइडी बनाने की मांग रखी गई। विकलांग, वृद्धावस्था और विधवा पेंशन शीघ्र शुरू कराने की मांग भी अधिकार पत्र में शामिल रही।

प्रदर्शन के दौरान अपर जिलाधिकारी के ज्ञापन लेने के लिए देरी से पहुंचने पर किसानों का आक्रोश बढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए अपर जिलाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और किसानों को शांत कराया। इसके बाद उन्होंने किसान नेताओं से ज्ञापन लिया और उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन जिला अध्यक्ष राज सिंह वर्मा के नेतृत्व में हुआ, जबकि संचालन जिला मंत्री डॉ. आजाद सिंह ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कुशल पाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल राणा, प्रदेश मंत्री मास्टर चेतराम नायक, संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल सिंह, विभाग संगठन मंत्री नृपेन्द्र सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंदन त्यागी, जिला कोषाध्यक्ष अनिल चौधरी, लक्सर विकासखंड अध्यक्ष गोरख सिंह, विकासखंड मंत्री समय सिंह सैनी, बहादराबाद विकासखंड अध्यक्ष सरदार श्रवण सिंह, मंत्री जगदीश बहती, बीज प्रमुख रघुवीर सिंह, जिला विद्युत प्रमुख विनोद सैनी, बहादराबाद सहमंत्री सरदार रतन सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By admin