देहरादून। उत्तराखंड में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) खुरपिया के निर्माण कार्य में तेजी ला दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट (NICDIT) की तृतीय शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में वर्चुअल रूप से प्रतिभाग किया। बैठक में औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति, समयबद्ध क्रियान्वयन और आधारभूत सुविधाओं के विकास की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने बैठक में उत्तराखंड में विकसित किए जा रहे IMC खुरपिया की प्रगति और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार IMC खुरपिया को प्रदेश के औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। परियोजना का विकास समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा।
1,002 एकड़ भूमि परियोजना के लिए उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने बताया कि IMC खुरपिया के लिए निर्धारित 1,002 एकड़ भूमि पूरी तरह NUITL के अधीन है। वर्तमान में परियोजना स्थल पर किसी प्रकार की बाधा नहीं है। ऐसे में निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक आधार तैयार हो चुका है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के विकास के लिए EPC अनुबंध 20 मार्च 2026 को निष्पादित किया जा चुका है और निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। परियोजना के तहत 24.1 किलोमीटर Right of Way (ROW) को क्लियर कर EPC ठेकेदार को उपलब्ध करा दिया गया है। इसके बाद सड़क निर्माण समेत अन्य जरूरी कार्यों में तेजी आई है।
नागला-किच्छा मार्ग होगा फोरलेन
IMC खुरपिया को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार नागला-किच्छा SH-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन करने की दिशा में आवश्यक समन्वय और कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मार्ग न केवल औद्योगिक क्लस्टर को बेहतर संपर्क उपलब्ध कराएगा, बल्कि आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी गति देगा।
400/220 केवी उपकेंद्र से मिलेगी पर्याप्त बिजली
परियोजना में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों के लिए निर्बाध और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी सरकार का विशेष जोर है। मुख्यमंत्री ने बताया कि PITCUL की ओर से 400/220 केवी उपकेंद्र के समयबद्ध निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई और समन्वय किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क और विद्युत कनेक्टिविटी IMC खुरपिया में आने वाली औद्योगिक इकाइयों के लिए आधारभूत सुविधा का मजबूत ढांचा तैयार करेगी। इससे क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
दिसंबर 2028 तक पूरा होगा ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया कि IMC खुरपिया के ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य प्रस्तावित है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी करने और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ गति बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं।
केंद्र से सहयोग की अपेक्षा
मुख्यमंत्री धामी ने IMC खुरपिया को निर्धारित समयसीमा में धरातल पर उतारने के लिए भारत सरकार तथा NICDIT/NICDC द्वारा गठित विशेष प्रयोजन साधन (SPV) से आवश्यक सहयोग और समन्वय की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से IMC खुरपिया को आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और निवेश-अनुकूल औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में IMC खुरपिया उत्तराखंड के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा। इससे प्रदेश में निवेश के नए अवसर पैदा होने के साथ ही रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड में आधुनिक औद्योगिक आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
