Spread the love
चारधाम यात्रा व फायर सीजन के मद्देनजर ज्योतिर्मठ में फायर ऑडिट: सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले होटल स्वामियों को नोटिस जारी
पुलिस महानिरीक्षक, अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तराखंड, देहरादून एवं पुलिस अधीक्षक चमोली के आदेशों के क्रम में आज दिनांक 06 अप्रैल 2026 को आगामी चारधाम यात्रा और फायर सीजन की दृष्टिगत मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट द्वारा ज्योतिर्मठ क्षेत्र में स्थित विभिन्न होटलों का सघन फायर ऑडिट एवं फायर रिस्क निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिन होटलों में अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई, उनके स्वामियों एवं प्रबंधकों को तत्काल सुरक्षा मानक पूर्ण करने हेतु नोटिस जारी किए गए हैं। विशेष रूप से होजरील में प्रेशर युक्त पंप का अभाव पाए जाने पर उन्हें आगामी यात्रा सीजन से पूर्व इन व्यवस्थाओं को अनिवार्य रूप से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, होटल स्वामियों को अपने स्टोर रूम्स में विशेष सावधानी बरतने, इलेक्ट्रिक पैनलों की नियमित जांच करने और वायरिंग को पूरी तरह से इंसुलेटेड रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

By admin

You missed