मुख्यमंत्री धामी ने जारी किया सरकार का रिपोर्ट कार्ड, निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ से अधिक धरातल पर उतरे; स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और उद्योग क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं
देहरादून।उत्तराखंड में सरकार के पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा सामने रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों पर आधारित रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जबकि 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजनाएं बनाने के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आमजन तक पहुंचाने पर ध्यान दिया है।
रोजगार और शिक्षा में बढ़े अवसर
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। युवाओं को वैश्विक रोजगार से जोड़ने के लिए जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से 21 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।
महिला और किसान कल्याण पर जोर
महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 70,767 समूहों से 5.19 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। वहीं, किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों को तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई है।
निवेश, उद्योग और पर्यटन को मिली गति
मुख्यमंत्री ने बताया कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। प्रदेश में एमएसएमई और स्टार्टअप गतिविधियों का विस्तार हुआ है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये पार कर चुकी है। चारधाम यात्रा में इस वर्ष 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख कार्ड बनाए गए हैं और 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार मिला है। प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। वहीं, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का करीब 75 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और भू-कानून को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया। उन्होंने बताया कि 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। जल जीवन मिशन के तहत 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। युवाओं, महिलाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के लिए रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




