बोले- संविधान को कोई खतरा नहीं, कांग्रेस को अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने की चिंता
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्र निर्माण का आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करते हुए लोकतंत्र को मजबूत आधार दिया है। उन्होंने कहा कि आज संविधान को खतरा बताकर राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि संविधान को नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी को अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने की चिंता है।
राम माधव गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज, देहराखास में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, अधिवक्ता और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
राम माधव ने भारतीय संविधान की निर्माण यात्रा और उसकी मूल भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में निर्मित संविधान देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने वाला राष्ट्रीय मार्गदर्शक है। संविधान में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता और नागरिक स्वतंत्रता को विशेष महत्व दिया गया है। इसकी मूल भावना को समझना और उसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में विशेष महत्व के साथ मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया गया। संविधान को केवल राजनीतिक दस्तावेज के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह देश का गौरव और लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राम माधव ने कहा कि कांग्रेस आज संविधान की रक्षा की बात करती है, लेकिन इतिहास में उसके शासनकाल में संविधान में कई संशोधन किए गए। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में भी संविधान में व्यापक बदलाव हुए थे। संविधान के नाम पर जनता के बीच भ्रम फैलाने के बजाय राजनीतिक दलों को उसके मूल्यों और प्रावधानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की संवैधानिक व्यवस्था सुरक्षित हाथों में है। भारतीय जनता पार्टी संविधान की मर्यादा, लोकतांत्रिक परंपराओं और उसके मूल सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना है।
राम माधव ने कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे संविधान में निहित अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें। लोकतंत्र केवल अधिकारों से नहीं, बल्कि नागरिकों के दायित्वों के निर्वहन से भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि संविधान की वास्तविक भावना, स्वतंत्रता, समानता और न्याय के मूल सिद्धांतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। जनता के बीच सही तथ्यों और संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी पहुंचाकर ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अनुभवी और प्रतिष्ठित लोगों का ज्ञान एवं मार्गदर्शन राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। एक सशक्त, समरस और विकसित भारत का निर्माण समाज के सभी वर्गों के सामूहिक सहयोग से ही संभव है।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भी संविधान दिवस के महत्व पर विचार रखे। कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान संबंधी विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
सम्मेलन में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, अधिवक्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर देहरादून बार काउंसिल के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने अतिथियों एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों का आभार व्यक्त किया।




