देहरादून, 23 सितंबर। साइकिल को माध्यम बनाकर दुनिया के सातों महाद्वीपों के 191 देशों में करीब दो लाख किलोमीटर की यात्रा कर एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने वाले मशहूर साइक्लिस्ट सोमेन देवनाथ ने बुधवार को पुलिस कार्यालय देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान एसएसपी ने उनके जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए देहरादून प्रवास के दौरान हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
सोमेन देवनाथ वर्ष 2004 से साइकिल के जरिए विश्व भ्रमण कर लोगों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले 19 वर्षों के दौरान उन्होंने सात महाद्वीपों के 191 देशों में करीब दो लाख किलोमीटर की यात्रा की है। इस दौरान विभिन्न देशों में जाकर उन्होंने करीब दो करोड़ लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव और जागरूकता का संदेश दिया।
27 मई 2004 को शुरू की थी यात्रा
सोमेन देवनाथ ने 27 मई 2004 को एचआईवी/एड्स के प्रति वैश्विक जागरूकता के उद्देश्य से साइकिल यात्रा शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने लगातार विभिन्न देशों की यात्रा कर लोगों को स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
अब ‘रीयूनियन भारत, वन ट्री’ अभियान
वर्तमान में सोमेन देवनाथ ‘रीयूनियन भारत, वन ट्री’ अभियान के तहत भारत भ्रमण पर हैं। उनका यह अभियान 27 मई 2026 से 27 मई 2027 तक प्रस्तावित है। इस दौरान वह देश के 28 राज्यों और पांच केंद्रशासित प्रदेशों की यात्रा कर जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचा रहे हैं। इसी अभियान के तहत इन दिनों वह उत्तराखंड के भ्रमण पर हैं।
एसएसपी ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
पुलिस कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सोमेन देवनाथ द्वारा साइकिलिंग के माध्यम से देश-दुनिया में जागरूकता फैलाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने देहरादून प्रवास और भ्रमण के दौरान उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। एसएसपी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी जागरूकता कार्यक्रमों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
