दूध का भाव 100 रुपये लीटर करने की मांग, गुलदार-तेंदुए के बढ़ते आतंक और बारिश से फसल नुकसान का मुद्दा भी उठाया
हरिद्वार। भगवान बलराम जयंती एवं किसान दिवस के अवसर पर भारतीय किसान संघ ने क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में हल पूजन कर किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई। गैण्डी खाता, टाटवाला सरदार बस्ती और सैनी बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में किसानों ने 23 सितंबर को जिला मुख्यालय हरिद्वार में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचने का निर्णय लिया।

प्रांतीय मंत्री मास्टर चेतराम नायक और बहादराबाद विकासखंड के खंड अध्यक्ष सरदार श्रृवण सिंह के नेतृत्व में किसानों ने विधि-विधान से हल पूजन किया। हल पर हल्दी, चावल और रोली का तिलक लगाकर पुष्प एवं जल अर्पित किया गया। किसानों ने भगवान बलराम से परिवार और समाज की खुशहाली की कामना की।
इस दौरान किसानों ने दूध का भाव बढ़ाकर 100 रुपये प्रति लीटर किए जाने की मांग उठाई। किसानों का कहना था कि क्षेत्र में गुलदार, तेंदुए और अन्य जंगली पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे ग्रामीणों के सामने जान-माल का खतरा बना हुआ है। वहीं भारी बारिश से गन्ने की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में अभी तक पानी भरा होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा ने किसानों, माताओं-बहनों और युवाओं से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान संगठित होकर अपनी समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने मजबूती से रखेंगे।
इस अवसर पर चरणजीत कौर, महेंद्र कौर, सुरेंद्र कौर, प्रकाश कौर, जयवीर, जसवीर सिंह बिल्लू, राजपाल सिंह, भगवती देवी, सावित्री देवी, शांति देवी, विद्या देवी, राकेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, राजकुमार, धर्म सिंह, लागूराम, नरेंद्र सिंह, रामलाल, ऋषिपाल, झरिया सिंह, करणपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, मंदिर मंगाराम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
