Spread the love
वर्दी सिर्फ ड्यूटी नहीं… किसी के लिए सहारा भी है
श्री बद्रीनाथ धाम में दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस आस्था की यात्रा में कई बार कुछ ऐसे पल भी आते हैं, जहां पुलिस और फायर सर्विस के जवानों की छोटी-सी मदद किसी श्रद्धालु के लिए बड़ी राहत बन जाती है।
भोपाल से आए 77 वर्षीय राम मोहन दीवान चलने में असमर्थ थे। बद्रीनाथ धाम के दर्शन की उनकी इच्छा को देखते हुए फायरमैन सुशील एवं पीआरडी जवान जगमोहन ने उन्हें सहारा दिया और सुरक्षित दर्शन करवाए। चेहरे पर दर्शन की खुशी देखकर जवानों की मेहनत भी सफल हो गई।
वहीं, दिल्ली से अपने पिता के साथ आए 14 वर्षीय रोहन की दर्शन के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद फायरमैन सुशील ने बिना समय गंवाए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद अब वह स्वस्थ है।
एक अन्य श्रद्धालु केशव कृष्णापाल, निवासी कड़कड़डूमा, दिल्ली का मोबाइल फोन बद्रीनाथ धाम में दर्शन के दौरान कहीं खो गया। साकेत तिराहे पर तैनात फायर सर्विस कर्मी चन्द्रमोहन एवं पर्यटन विभाग के कर्मचारी रोहित फर्स्वाण ने खोजबीन शुरू की और मोबाइल फोन सुरक्षित बरामद कर उसे उसके मालिक को सकुशल सुपुर्द किया।

By admin